World

दो महीने बाद होनी थी शादी, रूसी मिसाइल हमले ने उजाड़ दिए सपने; केरल के नाविक अखिल जोयन की मौत

तिरुवनंतपुरम: यूक्रेन के ओडेसा तट पर एक कार्गो जहाज पर हुए रूसी मिसाइल हमले में जान गंवाने वाले चार भारतीयों में केरल के 26 वर्षीय नाविक अखिल जोयन भी शामिल हैं। अखिल की महज एक सप्ताह पहले सगाई हुई थी और दो महीने बाद उनकी शादी होने वाली थी। उनकी असमय मौत से परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

Advertisements

अखिल कासरगोड जिले के वेल्लारीक्कुंडु के रहने वाले थे और पिछले छह वर्षों से मर्चेंट नेवी में कार्यरत थे। वह करीब एक महीने पहले ही सगाई के बाद दोबारा जहाज पर ड्यूटी के लिए लौटे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह अनुशासित, मिलनसार और रस्साकशी के लोकप्रिय खिलाड़ी थे।

अखिल अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे और परिवार की सबसे बड़ी आर्थिक उम्मीद भी। उनके पिता एक इलेक्ट्रिक दुकान में काम करते हैं, जबकि मां बीमा एजेंट हैं। परिवार ने हाल ही में नया घर बनाया था और अखिल बेहतर भविष्य के लिए नौकरी बदलने की तैयारी कर रहे थे।

परिजनों को उनकी मौत की सूचना सोमवार शाम शिपिंग कंपनी के ईमेल के जरिए मिली। इसके बाद परिवार ने शव को भारत लाने और अन्य औपचारिकताओं के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से संपर्क किया।

इस घटना के बाद केरल सरकार ने अनिवासी केरलवासी मामलों के विभाग (NORKA) को रूसी दूतावास और विदेश मंत्रालय के साथ समन्वय कर मामले की जानकारी जुटाने और परिवार की हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए हैं।

विदेशी मीडिया के अनुसार, गिनी-बिसाऊ के झंडे वाले कार्गो जहाज एमवी गोल्डन लियो पर ओडेसा बंदरगाह से रवाना होने के कुछ देर बाद रूसी हमला हुआ। इस हमले में कुल 10 लोगों की मौत हुई, जबकि 8 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। जहाज यूक्रेन से मक्का लेकर रवाना हुआ था।

Ankur Ramaul

Ankur Ramaul is the Founder of DigiWorld India and the editorial lead at DW24 News, a digital news platform covering national and international stories across politics, business, sports, education, health, and entertainment. He is committed to accurate, unbiased and reader-friendly journalism. For news tips, press releases or collaborations, reach him through the DW24 News Contact page.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button